- अश्विनी वैष्णव बोले- राजस्थान में 76 हजार करोड़ के विकास कार्य

जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन, विकास और जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी जयपुर शहर द्वारा गुरुवार को दुर्गापुरा स्थित राज्य कृषि प्रबंधन संस्थान (SIAM) ऑडिटोरियम में ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन (प्रबुद्धजन बैठक)’ का आयोजन किया गया। सम्मेलन में केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों, विकसित भारत के विजन तथा राजस्थान में चल रही विकास परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम की प्रस्तावना रखते हुए भाजपा जयपुर शहर जिलाध्यक्ष अमित गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत का सपना साकार करने के लिए भाजपा संगठन और सरकार समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं।
गोयल ने पूर्ववर्ती यूपीए सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भ्रष्टाचार और घोटालों के कारण जनता का भरोसा उस सरकार से उठ गया था, जबकि मोदी सरकार ने पारदर्शिता, जवाबदेही और सुशासन को शासन व्यवस्था का आधार बनाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही है।
राजस्थान में 76 हजार करोड़ के रेलवे प्रोजेक्ट्स पर काम: अश्विनी वैष्णव

सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय रेल, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में रेलवे क्षेत्र में ऐतिहासिक परिवर्तन हुए हैं। उन्होंने बताया कि राजस्थान में रेलवे विकास के लिए बजटीय प्रावधानों में कई गुना वृद्धि हुई है और वर्तमान में राज्य में लगभग 76 हजार करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न रेलवे परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है।
उन्होंने कहा कि राजस्थान के 85 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास और आधुनिकीकरण किया जा रहा है। जयपुर सहित कई प्रमुख रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है, जहां स्थानीय संस्कृति, स्थापत्य और विरासत को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा।
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि अत्याधुनिक डेटा सेंटर और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर जैसी परियोजनाएं राजस्थान को तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएंगी। इससे युवाओं के लिए रोजगार, अनुसंधान और स्टार्टअप आधारित उद्यमिता के नए अवसर पैदा होंगे।
2014 के बाद भारत ने विकास की नई गति पकड़ी: मदन राठौड़
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद भारत ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है। उन्होंने कहा कि पहले प्रतिभाओं को पर्याप्त अवसर नहीं मिलते थे, लेकिन आज युवाओं, महिलाओं और उद्यमियों के लिए नए अवसरों के द्वार खुले हैं। सामाजिक सुरक्षा, सुशासन और राष्ट्रीय एकता को नई मजबूती मिली है तथा वैश्विक स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा लगातार बढ़ी है।
राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने से ही साकार होगा विकसित भारत: अजेय जी
भाजपा संगठन महामंत्री अजेय ने कहा कि विकसित भारत का संकल्प तभी पूरा होगा जब समाज का प्रत्येक वर्ग अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखे। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत विजन को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम के दौरान दीप प्रज्वलन किया गया तथा सम्मेलन के बाद पौधरोपण भी किया गया। भाजपा की मीडिया प्रभारी भारती खंडेलवाल ने बताया कि कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी, जयपुर सांसद मंजू शर्मा, जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेन्द्र सिंह, विधायक गोपाल शर्मा, बालमुकुंद आचार्य, डॉ. कैलाश वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, प्रदेश मंत्री नारायण मीणा, जिला महामंत्री नवरत्न नराणिया, राजेश ताम्बी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रबुद्धजन और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
राजस्थान न्यूज़