महानगर संवाददाता
जयपुर की 19 सीटों में से भाजपा ने 12 और कांग्रेस ने 7 पर जीत हासिल की है, जबकि विद्याधर नगर में 71,368 वोटों से दीया कुमारी ने रिकॉर्ड जीत हासिल की है। खास बात ये है कि सबसे छोटी जीत भी जयपुर ग्रामीण की कोटपूतली सीट पर हुई। जहां भाजपा के हंसराज पटेल ने कांग्रेस के राजेंद्र यादव को 321 वोटों से शिकस्त दी है। मतगणना के दौरान शहर की सीटों में कुछ एक को छोड़ लगभग सभी पर कांटे की टक्कर के बीच प्रत्याशियों की सांसें ऊपर-नीचे होती रहीं, लेकिन जैसे-जैसे 10 राउंड की गिनती पूरी हुई तो कई सीटों पर तस्वीर साफ होती दिखाई दी।
जयपुर में 19 विधासभा सीटों पर आए परिणामों ने भाजपा और कांग्रेस दोनों को ही झटका दे दिया। कांग्रेस के सांगानेर से प्रत्याशी पुष्पेंद्र भारद्वाज, मालवीय नगर से अर्चना शर्मा की करारी हार हुई, जबकि भाजपा के आदर्श नगर से प्रत्याशी रवि नैय्यर, किशनपोल से चंद्र मनोहर बटवाड़ा को शुरुआती रुझान में बढ़त हासिल नहीं हुई। वहीं सांगानेर से भाजपा प्रत्याशी भजनलाल शर्मा ने पहले राउंड से ही बढ़त बनाए रखी।
आमेर : उपनेता प्रतिपक्ष सतीश पूनियां चुनाव हार गए। कांग्रेस प्रत्याशी प्रशांत शर्मा ने भाजपा प्रत्याशी डॉ. सतीश पूनियां को 9092 वोटों से हराया।
सिविल लाइंस : पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास को सिविल लाइंस सीट पर हार का सामना करना पड़ा। जिले की सिविल लाइंस विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी गोपाल शर्मा ने 28,329 वोटों से कांग्रेस प्रत्याशी प्रतापसिंह खाचरियावास को हरा दिया। कांग्रेस प्रत्याशी प्रतापसिंह खाचरियावास को कुल 70,332 वोट मिले।
विद्यानगर : भाजपा से दीया कुमारी ने 71,368 वोटों से कांग्रेस के सीताराम अग्रवाल को हरा दिया।
हवामहल : धर्म गुरु बालमुकुंद आचार्य ने जीत दर्ज करते हुए कांग्रेस के आरआर तिवाड़ी को हरा दिया। हालांकि दोनों के बीच वोट का अंतर सिर्फ 974 ही रहा।
आदर्श नगर : कांग्रेस प्रत्याशी रफीक खान ने भाजपा प्रत्याशी रवि नैय्यर को 14,073 वोटों से हराया नैय्यर को 89,348 वोट मिले, जबकि रफीक खान को 1,03,421 वोट मिले।
किशनपोल : कांग्रेस प्रत्याशी अमीन कागजी ने भाजपा प्रत्याशी चंद्र मनोहर बटवाड़ा को हराया। अमीन कागजी ने 72,04 मतों से जीत हासिल की।
मालवीय नगर : भाजपा प्रत्याशी कालीचरण सराफ ने एक बार फिर जीत दर्ज की हैं। सराफ ने कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. अर्चना शर्मा को 20.626 मतों से हराया है।
झोटवाड़ा : भाजपा के राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कांग्रेस प्रत्याशी अभिषेक चौधरी को 50,167 वोटों से हराया। राठौड़ को 1,47,913 वोट मिले, जबकि अभिषेक चौधरी को 97,746 वोट मिले।
बस्सी : कांग्रेस के लक्ष्मण मीणा ने चुनाव जीत लिया है। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी चंद्रमोहन मीणा को 6,314 वोटों से हराया चंद्र मोहन को 81,729 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के लक्ष्मण मीणा को 88.043 वोट मिले।
चाकसू : भाजपा के रामावतार बैरवा ने जीत हासिल की है। उन्होंने कांग्रेस के वेदप्रकाश सोलंकी को 49,380 मतों से हराया।
चौमूं : कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. शिखा मील बराला ने जीत दर्ज की बराला ने भाजपा प्रत्याशी रामलाल शर्मा को 5695 मतों से हराया। रामलाल शर्मा को 80,051 मत मिले। वही बराला को कुल 85,746 वोट मिले।
जमवारामगढ़ : भाजपा के महेंद्र पाल मीणा ने कांग्रेस प्रत्याशी गोपाल मीणा को 38,427 वोटों से हराया। महेंद्र पाल को 100041 वोट मिले, जबकि गोपाल मीणा को 61,614 वोट मिले।
दूदू : भाजपा प्रत्याशी डॉ. प्रेमचंद्र बैरवा ने कांग्रेस प्रत्याशी बाबूलाल नागर को करारी शिकस्त दी। डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने कांग्रेस प्रत्याशी को 35,299 वोटों से हराया।
कोटपूतली : भाजपा के हंसराज पटेल चुनाव में जीत दर्ज की। उन्होंने मंत्री राजेंद्र सिंह यादव को 321 वोटों से हराया। भाजपा के हंसराज पटेल को 67,716 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के राजेंद्र यादव को 67,395 वोट मिले।
विराटनगर : भाजपा प्रत्याशी कुलदीप धनखड़ ने 17.589 वोटों से जीत दर्ज की कांग्रेस प्रत्याशी इंद्राज गुर्जर ने परिणाम आने से पहले ही हार मान ली। धनखड़ को 83,262 मत मिले। वहीं इंद्राज गुर्जर को कुल 65,673 वोट मिले ।
फुलेरा : कांग्रेस प्रत्याशी विद्याधर सिंह चौधरी ने भाजपा प्रत्याशी निर्मल कुमावत को हराया। चौधरी ने 26,898 मतों से जीत हासिल की।
राजस्थान न्यूज़