- शेखावत बोले- दुनिया में भारत का डंका बज रहा है

जयपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में चलाए जा रहे "12 साल विश्वास के, विकास के एवं जनकल्याण के" अभियान के तहत भाजपा जयपुर शहर जिला कार्यालय में केंद्र सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियों पर आधारित भव्य प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री तथा जोधपुर सांसद गजेन्द्र सिंह शेखावत ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और मोदी सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों को देश के विकास की प्रेरणादायी गाथा बताया। कार्यक्रम में भाजपा जयपुर शहर जिलाध्यक्ष अमित गोयल के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत का गर्मजोशी से स्वागत और अभिनंदन किया गया। प्रदर्शनी में मोदी सरकार के पिछले 12 वर्षों के कार्यकाल में हुए व्यापक बदलावों को आकर्षक तरीके से प्रदर्शित किया गया। इसमें गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसानों के हित, युवाओं के लिए अवसर, डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को प्रमुखता से दर्शाया गया।
"12 साल में बदली भारत की तस्वीर और तकदीर": शेखावत
प्रदर्शनी के अवलोकन के बाद आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने पिछले 12 वर्षों में विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि आज भारत केवल एक विकासशील देश नहीं, बल्कि विश्व मंच पर एक मजबूत, आत्मनिर्भर और निर्णायक राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर चुका है।
शेखावत ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है और यही अंत्योदय की वास्तविक परिकल्पना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि मोदी सरकार ने शासन को पारदर्शी, जवाबदेह और जन-केंद्रित बनाया है, जिसका परिणाम आज देश के हर क्षेत्र में दिखाई दे रहा है।
उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शनी सिर्फ सरकारी उपलब्धियों का प्रदर्शन नहीं है, बल्कि विकसित भारत के संकल्प और राष्ट्र निर्माण की यात्रा का सशक्त दस्तावेज है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाएं ताकि आमजन को विकास के इस परिवर्तनकारी दौर की जानकारी मिल सके।
"सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को मिली नई दिशा": अमित गोयल
भाजपा जयपुर शहर जिलाध्यक्ष अमित गोयल ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की राजनीति को नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने गरीब, किसान, युवा, महिला और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं लागू की हैं, जिनसे देश विकास के नए आयाम छू रहा है।
गोयल ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि विकसित भारत के संकल्प को लेकर समाज के बीच जाएं और मोदी सरकार द्वारा किए गए ऐतिहासिक कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाएं।
चाय पर चर्चा में संगठन और राष्ट्र निर्माण पर मंथन
प्रदर्शनी के अवलोकन के बाद केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ "चाय पर चर्चा" कार्यक्रम में भी भाग लिया। इस दौरान संगठनात्मक विषयों, आगामी राजनीतिक और सामाजिक कार्यक्रमों तथा राष्ट्र निर्माण में कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।
शेखावत ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी ताकत है और उसी के अथक परिश्रम के बल पर पार्टी लगातार जनविश्वास अर्जित कर रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित और समाजसेवा की भावना के साथ कार्य करने वाले कार्यकर्ता ही भाजपा की वास्तविक पूंजी हैं।
संगठनात्मक एकता और जोश का दिखा उत्साह
मीडिया सह-प्रभारी नयन माधाणी अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम में जिला महामंत्री नवरत्न नराणिया, राजेश तांबी, जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह पुरुवंशी सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पूरे आयोजन के दौरान कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह, ऊर्जा और संगठनात्मक एकता देखने को मिली। भाजपा नेताओं ने इसे मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
राजस्थान न्यूज़